हिमाचल प्रदेश(HIMACHAL PRADESH): हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कुपवी से शिमला जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक करीब 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बस में 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसा इतना भयावह था कि बस के परखच्चे उड़ गये। मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग सबसे पहले राहत कार्य में जुटे और घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर राहत-बचाव में लगी हुई हैं।
SP सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर भेजे गये हैं। घायलों को हायर संगड़ाह, ददाहू, नाहन और मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया जा रहा है। हादसे पर CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। पूरे प्रदेश में इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

