जामताड़ा(JAMTADA): 13 अप्रैल भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिलेभर में बाबा साहब की प्रतिमाओं की सफाई और दीप प्रज्वलन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में जामताड़ा नगर के कोर्ट मोड़ स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बाबा साहब की प्रतिमा की विधिवत सफाई की गई, उसके उपरांत दीप जलाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि “कल देश रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती है। बाबा साहब ने भारत को संविधान देकर न केवल लोकतंत्र को मजबूत किया, बल्कि देश के पिछड़े, दलित और वंचित तबकों को समान अधिकार और आवाज दी। हम सब आज जो स्वतंत्रता और समानता का अनुभव करते हैं, वह बाबा साहब की दूरदृष्टि और संघर्ष का परिणाम है।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमाओं की सफाई कर दीप प्रज्वलित कर रहे हैं। यह दीपक केवल प्रकाश नहीं, बल्कि उनके विचारों, संविधान और सामाजिक न्याय के लिए समर्पण का प्रतीक है। कल बाबा साहब की जयंती पर पूरे जिले में उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
कार्यक्रम में भाजपा ज़िला महामंत्री मितेश शाह, ज़िला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, वरिष्ठ नेता राजेंद्र राउत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी कुणाल सिंह, ज़िला मीडिया प्रभारी आभा आर्या, सह मीडिया प्रभारी प्रदीप राउत, कार्यालय मंत्री प्रवीण आनंद मिश्रा, चंदन राउत और नगर मंत्री जीत दुबे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि युवाओं को संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के विचारों से जोड़ना भी है ताकि भारत एक सशक्त, समतामूलक और समावेशी राष्ट्र के रूप में विश्वगुरु बन सके।
फोटो कैप्शन:
पूराने कोर्ट मोड़ पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष दीप दान करते भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण (उपर)एवं कार्यकर्ताओं के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए (निचे)
NEWSANP के लिए जामताड़ा से आर पीआई सिंह की रिपोर्ट

