भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी मेरी यात्रा के दौरान और मजबूत हुई : क्रिस्टोफर लक्सन…

भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी मेरी यात्रा के दौरान और मजबूत हुई : क्रिस्टोफर लक्सन…

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा है कि उनकी हाल ही में हुई भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच साझेदारी और मजबूत हुई है। गौरतलब है कि लक्सन 16 से 20 मार्च तक भारत दौरे पर थे, जहां उन्होंने नई दिल्ली और मुंबई का दौरा किया।

भारत से लौटने के बाद लक्सन ने कहा, “भारत, जो दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है, न्यूजीलैंड का एक अहम साझेदार बनता जा रहा है। इस सप्ताह मेरी यात्रा के दौरान हमारी साझेदारी और मजबूत हुई है।”

यात्रा के दौरान, लक्सन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत की। दोनों नेताओं ने व्यापारिक संबंध मजबूत करने पर सहमति जताई और व्यापक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के लिए वार्ता शुरू करने की घोषणा की। इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है। लक्सन ने कहा कि भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ यह समझौता न्यूजीलैंड के व्यापार को नई ऊंचाई देगा।

व्यापार के अलावा, दोनों देशों ने रक्षा सहयोग के लिए एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किए। इसका मकसद समुद्री सुरक्षा और संचार मार्गों की रक्षा को मजबूत करना है। लक्सन ने इस बात पर जोर दिया कि समुद्री सुरक्षा को लेकर नियमित बातचीत जरूरी है। लक्सन की यह यात्रा महत्वपूर्ण थी, क्योंकि यह 2016 के बाद किसी न्यूजीलैंड प्रधानमंत्री की भारत की पहली यात्रा थी। उनके साथ पर्यटन मंत्री लुईस अप्सटन, जातीय समुदाय और खेल मंत्री मार्क मिशेल, व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले और एक उच्च-स्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी शामिल था।

यात्रा के दौरान शिक्षा, प्रौद्योगिकी, पर्यटन, निवेश, मैन्युफैक्चरिंग, खाद्य और कृषि जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को बढ़ावा देने पर फोकस रहा। इस दौरान 33 समझौते किए गए, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यावसायिक सहयोग को दर्शाते हैं। लक्सन ने कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंध आर्थिक और रणनीतिक रूप से और मजबूत होंगे, जिससे दोनों को लाभ मिलेगा।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *