भारत-किर्गिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘खंजर-XII’ का सफलतापूर्वक हुआ समापन…

भारत-किर्गिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘खंजर-XII’ का सफलतापूर्वक हुआ समापन…

भारत और किर्गिस्तान के बीच चल रहा संयुक्त विशेष बल अभ्यास ‘खंजर-XII’ 23 मार्च को टोखमोक में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह अभ्यास 10 मार्च को शुरू हुआ था और इसका उद्देश्य दोनों देशों के सैन्य बलों के बीच सहयोग को मजबूत करना, उच्च ऊंचाई पर युद्ध कौशल को निखारना और आतंकवाद विरोधी रणनीतियों को बेहतर बनाना था।
इस अभ्यास में भारत के पैराशूट रेजिमेंट (स्पेशल फोर्स) और किर्गिस्तान की स्कॉर्पियन ब्रिगेड के विशेष बलों ने हिस्सा लिया। दोनों सेनाओं ने स्नाइपिंग, जटिल इमारतों में घुसपैठ, पहाड़ी युद्धकला और विशेष आतंकवाद-रोधी अभियानों का अभ्यास किया।

अभ्यास के दौरान नवरोज पर्व का भी जश्न मनाया गया, जो भारत और किर्गिस्तान के जवानों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर बना। समापन समारोह में किर्गिज रक्षा मंत्रालय ने भारत के दो जवानों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पदक प्रदान किए, जबकि दो अन्य जवानों को उनके पेशेवर मानकों के लिए प्रशंसा पत्र दिए गए।

समारोह में दोनों देशों के रक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और मित्र देशों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। उन्होंने इस अभ्यास को क्षेत्रीय स्थिरता और रक्षा सहयोग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण बताया। अभ्यास के बाद एक व्यापक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और भविष्य में सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की।

गौरतलब है कि ‘खंजर’ अभ्यास पहली बार 2011 में शुरू हुआ था और अब यह एक वार्षिक आयोजन बन गया है। इस अभ्यास का आयोजन भारत और किर्गिज़स्तान में बारी-बारी से किया जाता है। पिछला संस्करण जनवरी 2024 में भारत में हुआ था।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *