
जामताड़ा(JAMTADA): भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के निर्देशानुसार संगठन पर्व के तहत बुडूडीह स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश परिषद सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया गुरुवार को विधिवत रूप से प्रारंभ हुई। इस दौरान जामताड़ा जिला अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष सुमित शरण ने पुनः अपना नामांकन दाखिल किया, जबकि प्रदेश परिषद सदस्य पद के लिए माधव चंद्र महतो एवं हरिमोहन मिश्रा ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया जिला चुनाव अधिकारी बबन गुप्ता की अगुवाई में संपन्न हुई। मौके पर पर्यवेक्षक के रूप में गिरिडीह की भाजपा नेत्री पूनम प्रकाश उपस्थित रहीं। वहीं, जिला चुनाव सह अधिकारी सुखमणि हेंब्रम और मितेश शाह ने भी निर्वाचन कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
जिला चुनाव अधिकारी बबन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन पर्व के तहत जामताड़ा जिले में जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश परिषद सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी, जिसके पश्चात जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश परिषद सदस्यों के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
पर्यवेक्षक पूनम प्रकाश ने कहा कि प्रदेश संगठन नेतृत्व के निर्देश पर वे चुनाव अधिकारी बबन गुप्ता के साथ जामताड़ा जिला कार्यालय पहुंचीं, जहां सभी मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रतिनिधियों की उपस्थिति में नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि पिछले माह मंडल अध्यक्षों की घोषणा की गई थी, जिसके बाद जिला अध्यक्ष पद को लेकर रायशुमारी की गई। उसी प्रक्रिया के तहत अब जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश परिषद सदस्यों के नामांकन हुए हैं, जिनकी घोषणा स्क्रूटनी के बाद की जाएगी।
इस अवसर पर जिले के सभी नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संगठन पर्व के माध्यम से भाजपा ने एक बार फिर संगठनात्मक मजबूती और आंतरिक लोकतंत्र का संदेश दिया है।
NEWSANP के लिए आर पी सिंह की रिपोर्ट

