भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने जामताड़ा एसपी से की भेंट..कार्यकर्ताओं पर हो रहे लगातार जानलेवा हमलों पर कार्रवाई की कि है मांग…

भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने जामताड़ा एसपी से की भेंट..कार्यकर्ताओं पर हो रहे लगातार जानलेवा हमलों पर कार्रवाई की कि है मांग…

जामताड़ा(JAMTADA): विगत कुछ दिनों में जामताड़ा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमला हुआ है। इसमें कई की हत्या कर दी गई है। इसके विरोध में आज भाजपा के एक विशिष्ट प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक से भेंट कर घटना की जानकारी दिया और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने किया। बैठक में भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि नाला एवं आसपास के क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं को लक्षित कर मारपीट और हत्या की घटनाएँ लगातार घट रही हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर रहा है और प्रशासनिक स्तर पर कुछ अफसरों की अनदेखी चिंता का विषय है।

सुमित शरण ने कहा, “विगत कुछ दिनों से नाला में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ लगातार हुई घटनाओं के संदर्भ में हमने पुलिस अधीक्षक को अपनी चिंताएँ और साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं। माननीय पुलिस अधीक्षक ने हमें भरोसा दिलाया है कि कानून के दायरे में रहकर, शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जो भी आवश्यक कदम होंगे — उठाए जाएंगे और दोषियों को कड़ी कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।”

पूर्व मंत्री सत्यानंद झा ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ “अत्याचार, पिटाई और हत्या” तक की घटनाएँ हुई हैं और कई बार प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे उनके कार्यकर्ताओं का हौसला टूटता जा रहा है। उन्होने कहा कि ऐसे मामलों की अभिलंब जांच और सजा आवश्यक है, इसलिए आज ज्ञापन भी सौंपा गया है।

भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने बताया कि हाल के दिनों में नाला के पूर्व मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट और सालुका गाँव के एक कार्यकर्ता की नृशंस हत्या की घटनाएँ हुईं। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक ने SIT (विशेष जांच टीम) गठन का आश्वासन दिया है और स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। “कोई भी अपराधी बाहर नहीं रहेगा — जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा,” महतो ने पुलिस के वादे का उल्लेख किया।

भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने भी कहा कि प्रतिनिधि मंडल ने दो प्रमुख घटनाओं — जितेंद्र राउत के साथ हुई मारपीट और सालुका के उत्तम मंडल की हत्या — के दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई और कठोर सजा की मांग की है।

मौके पर जिला महामंत्री मितेश शाह, भाजपा नेता सुनील हांसदा, जिला उपाध्यक्ष अभय सिंह, जिला मंत्री मोहन शर्मा, महेंद्र मंडल, ठाकुरमनी सिंह, जितेन राउत, उदय मंडल और अन्य सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक को लिखित ज्ञापन भी सौंपा है जिसमें उम्मीद जताई गई है कि प्रशासन जल्द-से-जल्द निष्पक्ष और प्रभावी कदम उठाकर जिम्मेदारों को कटघरे में लाएगा।

जनहित और कानून- व्यवस्था को लेकर यह भेंट राजनीति और सुरक्षा के संवेदनशील मुद्दों पर केंद्रित रही। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वे अपने कार्यकर्ताओं की सुरक्षा और स्थानीय शांति के लिये चुप नहीं बैठेंगे और यदि आवश्यक हुआ तो वे अन्य लोकतान्त्रिक प्लेटफार्म के माध्यम से भी अपनी माँगों को उठाते रहेंगे।

NEWSANP के लिए जामताड़ा से आर पी सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *