बिहार(BIHAR) : भाजपा के एक नेता की जवान बेटी पर एसिड अटैक किया गया है। घर में सो रही बिटिया के चेहरे पर एसिड फेंका गया है। इस एसिड अटैक से लड़की का चेहरा बेतरह झुलस गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हमलावर फरार हो गया। घटना को बीती रात बेगुसराय के बखरी थाना क्षेत्र के बखरी नगर परिषद वार्ड 23 में अंजाम दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार भाजपा नेता की बेटी अपने कमरे में सो रही थी। घर के बाकी सदस्य भी अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। रात में अचानक खिड़की से किसी शख्स ने लड़की के चेहरे पर एसिड फेंका और वहां से भाग निकला। लड़की के चहरे पर एसिड पड़ते ही लहर-जलन से उसकी नींद खुल गयी। वह जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी। बेटी की चीख-चित्कार सुन घरवाले उसके कमरे में पहुंचे। बेटी दर्द से छटपठा रही थी। उसे जल्दबाजी में इलाज के लिए बखरी के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। लड़की पर एसिड किसने और क्यों फेंका, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। भाजपा नेता का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। फिर ऐसा किसने किया, इसका उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गयी है।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

