आसनसोल(ASANSOL): पश्चिम बंगाल आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 13 स्थित छूता डांगा इलाके में पाँच दिनों बाद पानी की आपूर्ति बहाल हो गई है। पानी आने से इलाके के लोगों में खुशी का माहौल है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मनोजीत हेमब्रम नामक एक तृणमूल नेता के इशारे पर इलाके में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई थी, जिसके कारण लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा था। लोगों ने अपनी समस्या स्थानीय तृणमूल पार्षद उत्पल सिन्हा को भी बताई, लेकिन समाधान नहीं हो पाया। इसके बाद कुछ तृणमूल नेताओं द्वारा कथित तौर पर ताने भी दिए गए।
इसी बीच इलाके की समस्या की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद मौके पर पहुँचे और लोगों से बात की। उन्होंने पहले पार्षद उत्पल सिन्हा से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी से बात की, जिन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
इसके बाद भाजपा नेता ने मेयर विधान उपाध्याय से संपर्क किया। बताया जाता है कि करीब आधे घंटे बाद मेयर ने खुद फोन कर पूरे मामले की जानकारी ली और लगभग एक घंटे के भीतर छूता डांगा में पानी की आपूर्ति बहाल करवा दी।
पानी की समस्या के समाधान पर भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद ने मेयर का आभार व्यक्त किया और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू होने वाला है, इसलिए नगर निगम को सभी 106 वार्डों में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए।
कृष्णा प्रसाद ने यह भी बताया कि 19 जनवरी 2026 को वह छूता डांगा में कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान पहुँचे थे, जहाँ उनके अनुसार तृणमूल नेता के इशारे पर कार्यक्रम में बाधा डाली गई और झड़प की स्थिति पैदा हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक आदिवासी महिला द्वारा उनके और उनके समर्थकों पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया गया, जिसे उन्होंने साजिश बताया।
फिलहाल, पाँच दिनों से चली आ रही पानी की समस्या के समाधान से छूता डांगा के लोगों ने राहत की सांस ली है।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

