भाजपा का एक दिवसीय “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” कार्यशाला में कार्यकर्ताओं के साथ भेद भाव वाले तस्वीर पर उठे सवाल…

भाजपा का एक दिवसीय “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” कार्यशाला में कार्यकर्ताओं के साथ भेद भाव वाले तस्वीर पर उठे सवाल…

जामताड़ा(JAMTARA):भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई द्वारा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन मंगलवार को बुधुडीह स्थित जिला कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर बोकारो के पूर्व विधायक बिरंचि नारायण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

फोटो से उपजा राजनीतिक संदेश

यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के सहयोगी प्रदीप कुमार द्वारा वाट्सएप ग्रुप में साझा की गई, जिसके साथ कई तस्वीरें भी पोस्ट की गईं। इनमें दो फोटो विशेष रूप से चर्चा का विषय बनीं।

पहली तस्वीर में बीच में बैठे बिरंचि नारायण के दाहिने ओर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल और जैक के पूर्व सदस्य व पूर्व सांसद सूरज मंडल के पुत्र बिनोद मंडल नजर आए। वहीं बायीं ओर जिलाध्यक्ष सुमित शरण, तरुण गुप्ता और संतन मिश्रा दिख रहे थे। इन सबकी बॉडी लैंग्वेज उत्साह और ऊर्जा से भरी हुई दिखाई दे रही थी।

दूसरी तस्वीर ने अलग ही संदेश दिया। इसमें जिला स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता और नेता तो नजर आ रहे हैं, मगर उनके चेहरे साफ तौर पर नहीं दिख रहे। राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठने लगा है कि कहीं पार्टी जानबूझकर उन जमीनी, निस्वार्थ और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को पीछे तो नहीं धकेल रही, जिनकी बदौलत विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक का रास्ता बनता है। स्थानीय राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि भाजपा का जामताड़ा गढ़ इसी भेदभाव की वजह से बार-बार अस्तित्व रक्षा की लड़ाई में कमजोर साबित हो रहा है।

अभियान की रूपरेखा

कार्यशाला का विषय प्रवेश कराते हुए जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती से शुरू होकर 25 दिसंबर, अटल बिहारी वाजपेयी जयंती तक चलेगा। उन्होंने कहा, “आत्मनिर्भर भारत अभियान तभी सफल होगा, जब हम स्वदेशी अपनाएंगे।”

मुख्य अतिथि बिरंचि नारायण ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक के सशक्तीकरण का माध्यम है। उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान स्वदेशी वैक्सीन का निर्माण कर भारत ने पूरी दुनिया को आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। इसी तरह ऑपरेशन सिंदूर में मात्र 22 मिनट में स्वदेशी मिसाइलों से पाकिस्तान को घुटनों पर लाने की घटना ने भारत की रक्षा क्षमता को साबित किया।

नेतृत्व और जमीनी ताकत पर जोर

बिरंचि नारायण ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर आम नागरिक तक सरकारी योजनाओं और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा, “गांव, किसान और युवाओं का आत्मनिर्भर बनाना ही सच्चे अर्थ में राष्ट्र को सशक्त बनाना है।”

संचालन और उपस्थिति

कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री सह अभियान संयोजक दिलीप हेम्ब्रम ने किया और धन्यवाद ज्ञापन आभा आर्या ने दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, जिला महामंत्री मितेश साह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुकुमुनि हेम्ब्रम, भाजपा नेता बिनोद मंडल, वीरेंद्र मंडल, सुनील हांसदा, तरुण गुप्ता, सुकुमार सरखेल, महेंद्र मंडल, सुजाता सिंह भैया, कुणाल सिंह, पुष्पा सोरेन, नंदकिशोर झा, मंगल सोरेन, डब्लू मिश्रा, मौलाना अब्दुल रकीब रहमानी, दीपक सिन्हा, ठाकुरमनी सिंह, बरुण मंडल, पिंटू गुप्ता, द्वारिका सिंह, चंदन राउत समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

NEWSANP के लिए जामताड़ा से आर पी सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *