बोडरा ओपन कास्ट माइंस में अवैध उत्खनन के दौरान चाल धंसने से बड़ा हादसा, दो की मौत, दो घायल, दो अब भी फंसे होने की आशंका…

बोडरा ओपन कास्ट माइंस में अवैध उत्खनन के दौरान चाल धंसने से बड़ा हादसा, दो की मौत, दो घायल, दो अब भी फंसे होने की आशंका…

आसनसोल(WEST BENGAL): आसनसोल के कुलटी थाना अंतर्गत बोडरा स्थित बीसीसीएल (BCCL) की ओपन कास्ट माइंस में अवैध कोयला उत्खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कोयला निकालने के दौरान अचानक चाल धंसने से छह लोगों के दबने की खबर सामने आई है।

घटना के बाद अब तक चार लोगों को खदान से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में एक महिला भी शामिल बताई जा रही है। वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसके अलावा अब भी दो लोगों के खदान में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। उन्हें बाहर निकालने के लिए पोकलेन मशीन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
घटना के बाद बोडरा ओपन कास्ट माइंस के आसपास सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और सीआईएसएफ तैनात की गई है। भीड़ में मृतकों के परिजन भी शामिल हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ कोयला माफिया मृतकों के परिजनों को मौके से हटाने की कोशिश भी कर रहे हैं, लेकिन परिजन अपने रिश्तेदारों के शव की एक झलक पाने की आस में मौके से टस से मस नहीं हो रहे हैं। परिजनों को अब भी उम्मीद है कि शायद उनके अपने जीवित हों और प्रशासन उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल ले।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बोडरा कोयला खदान में इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं। इससे पहले भी कई बार चाल धंसने की घटनाओं में लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद इसके, कोयला माफियाओं द्वारा अवैध उत्खनन और तस्करी का सिलसिला जारी है। बताया जा रहा है कि रोजाना 3 से 4 ट्रक कोयला निकालकर आसपास के कोयला भट्टों में खपाया जा रहा है।
घटना ने एक बार फिर इलाके में अवैध कोयला उत्खनन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *