Mukul Dev Death News: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर मुकुल देव अब इस दुनिया में नहीं रहे। आज 24 मई को सुबह उनका निधन हो गया। मुकुल देव अभी 54 साल के ही थे और इसी उम्र में वह दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह गए। मुकुल देव के अचानक निधन से सिनेमा और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सभी लोग बेहद भावुक मन से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। वहीं मुकुल देव (Mukul Dev) का परिवार सदमे में है.
कुछ समय से बीमार थे मुकुल देव
बताया जाता है कि, पिछले कुछ समय से मुकुल देव की तबीयत खराब चल रही थी। अस्पताल में उनका इलाज जारी था। उन्हें आईसीयू में भी रखा गया था। मगर तमाम प्रयासों के बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। यह भी बताया जा रहा है कि, मुकुल ने अपने माता-पिता की मौत के बाद खुद को अलग-थलग कर लिया था। वो घर से बाहर भी नहीं निकलते थे और किसी से भी नहीं मिलते थे।
‘सन ऑफ सरदार’ में संजय दत्त के साथ नजर आए थे मुकुल
मुकुल देव ने अपने करियर में कई सारी फिल्मों में काम किया। उन्होंने ‘सन ऑफ सरदार’ फिल्म भी की थी। जिसमें वह संजय दत्त और अजय देवगन के साथ नजर आए थे। इस फिल्म में मुकुल देव ने विलेन के तौर पर एक अच्छी कॉमेडी की थी। मुकुल देव के साथ इस फिल्म में विंदु दारा सिंह ने भी काम किया। विंदु दारा सिंह ने अपने दोस्त मुकुल देव के निधन पर गहरा दुख जताया है।
दिल्ली में जन्मे थे मुकुल देव
एक्टर मुकुल देव का जन्म 17 सितंबर 1970 को दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था। उनका परिवार मूल रूप से जालंधर का रहने वाला था। मुकुल देव ने 1996 में अपने करियर की शुरुवात टीवी इंडस्ट्री से की। उन्होंने टीवी सीरियल में काम किया। इसके बाद सिनेमा की दुनिया में उनके करियर की शुरुवात फिल्म दस्तक से हुई। इसके बाद मुकुल देव ने लगातार कई फिल्मों में काम किया। उन्होंने हिन्दी फिल्मों के साथ-साथ पंजाबी और साउथ फिल्मों में भी काम किया।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

