नई दिल्ली(NEW DELHI): आईपीएल में पहली बार चैंपियन बनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु के चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर भगदड़ हो गई। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से ज्यादा घायल हुए हैं। वहीं बेंगलुरु भगदड़ हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हो जाएं।”
उधर बेंगलुरु में हुए भगदड़ की घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दुख जताया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है और 33 लोग घायल हुए हैं। सीएम सिद्धारमैया ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों को 10 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों को मुफ्त इलाज भी मुहैया कराएगी।
NEWSANP के लिए नई दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

