धनबाद(DHANBAD): भारत कोकिंग कोल लिमिटेड की कॉरपोरेट स्तरीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक दिनांक 25 अक्तूबर, 2024 को निदेशक (कार्मिक) मुरली कृष्ण रमैया की अध्यक्षता में, कोयला भवन में आयोजित की गयी..
बैठक में बीसीसीएल मुख्यालय के विभागों व अनुभागों के विभागाध्यक्ष, नोडल हिंदी अधिकारी व क्षेत्रों के क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक तथा हिंदी संवर्ग के कर्मी उपस्थित रहे। बैठक के आरंभ में महाप्रबंधक (कार्मिक/राजभाषा) कुमार मनोज द्वारा औपचारिक रूप से स्वागत संबोधन किया गया। तत्पश्चात बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों व कोयला भवन मुख्यालय के विभागों की राजभाषा कार्यान्वयन की समीक्षा की गयी..
इस अवसर पर निदेशक (कार्मिक) मुरली कृष्ण रमैया ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि सभी क्षेत्रों और विभागों के सहयोग से राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। सभी के सम्मिलित प्रयास से ही निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति संभव है। जिन विभागों का हिंदी पत्राचार अभी लक्ष्य से पीछे है, वे चरण बद्ध तरीके से इसकी प्राप्ति करना सुनिश्चित करें..
बैठक में निर्धारित कार्यसूची के अनुसार चर्चा कर निम्नलिखित निर्णय लिए गए
1. सभी क्षेत्रों और विभागों से प्राप्त सितंबर, 2024 अवधि की तिमाही रिपोर्ट की समीक्षा..
2. वार्षिक राजभाषा कार्यक्रम 2024-25 पर चर्चा..
3. क्षेत्रों और विभागों को चल वैजयंती राजभाषा शील्ड से सम्मानित किया जाना – सर्वश्रेष्ठ राजभाषा कार्यान्वयन करने वाले लोदना क्षेत्र और औद्योगिक संबंध विभाग को चल वैजयंती राजभाषा शील्ड प्रदान किया गया..
4. विभागों और क्षेत्रों द्वारा राजभाषा रोस्टर तैयार करना – प्रबंधक (राजभाषा) द्वारा सभी को अवगत कराया गया कि कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों के हिंदी ज्ञान संबंधी रोस्टर तैयार करना अनिवार्य है..
5. राजभाषा संगोष्ठी का आयोजन – निर्णय लिया गया कि कंपनी में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जनवरी, 2025 में राष्ट्रीय स्तर की एक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।बैठक का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन श्री दिलीप कुमार सिंह, प्रबंधक (राजभाषा) द्वारा किया गया..
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

