सिंदरी(SINDRI):भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की सिंदरी शाखा में बीमा कर्मचारी संघ का वार्षिक आम सम्मेलन धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदीप कुमार मरांडी ने की, जबकि संचालन अर्जुन तिवारी ने किया।
मुख्य अतिथि हजारीबाग मंडल अध्यक्ष हेमंत कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि एलआईसी ने अपने 69 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर 70वें वर्ष में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयकरण के उद्देश्यों को पूरा करते हुए एलआईसी ने आम जनता को आर्थिक सुरक्षा, छोटे बचतों का संग्रहण और देश के आधारभूत ढांचे के विकास में अहम भूमिका निभाई है। आज एलआईसी न केवल एक सशक्त वित्तीय संस्था है, बल्कि शेयर बाजार की एक बड़ी निवेशक भी है।
मिश्रा ने केंद्र सरकार द्वारा एलआईसी के 3.5% शेयरों के विनिवेश की आलोचना करते हुए कहा कि यह कदम जनविरोधी था और इससे जुड़े हितधारकों की भावनाओं की अनदेखी की गई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए हजारीबाग मंडल महामंत्री जे. सी. मित्तल ने कहा कि सरकार आम जनता की गाढ़ी कमाई को निजी घरानों को सौंपने की कोशिश कर रही है। बीमा कर्मचारी इस नीति का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एलआईसी का लाभ बीमाधारकों को मिलना चाहिए, न कि उसका बंदरबांट होना चाहिए।
कार्यक्रम में सीटू से संबद्ध ठेका मजदूर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष विकास कुमार ठाकुर ने भी अपनी बात रखी और बीमा कर्मचारियों के संघर्षों में सीटू के समर्थन का आश्वासन दिया।
सम्मेलन में मंडल संयुक्त सचिव शंकर कुमार, कोषाध्यक्ष विजय कुमार चौबे, सहायक कोषाध्यक्ष सुदर्शन सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया, जिसमें:
- प्रदीप कुमार मरांडी अध्यक्ष,
- अर्जुन तिवारी सचिव,
- राकेश कुमार सिंह उपाध्यक्ष,
- सूफिया कुमारी सह सचिव,
- संजू कुमारी कोषाध्यक्ष,
- तारापद सहीस सहायक कोषाध्यक्ष चुने गए।
सचिव मंडल सदस्य के रूप में रजनी कांत मिश्रा और विकास साव को शामिल किया गया।
सम्मेलन को सफल बनाने में श्वेता कुमारी, सुजाता सिंह, आलोक सुब्रह्मण्यम, श्यामपद महतो, राजीव सिंहा आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
NEWSANP के लिए भोला बाउरी की रिपोर्ट

