बिहार(BIHAR): भारतीय जनता पार्टी ने बिहार सरकार के मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार शाम को एक आधिकारिक पत्र जारी किया।
बिहार सरकार में अहम जिम्मेदारी
नितिन नबीन वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण एवं नगर विकास विभाग के मंत्री हैं। वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं। हालिया विधानसभा चुनाव में भी उनकी भूमिका काफी अहम रही। टिकट बंटवारे से लेकर चुनाव प्रचार और प्रबंधन तक, वे पार्टी की कोर टीम का हिस्सा रहे।
नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की जिम्मेदारी
कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब नितिन नबीन पर पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की जिम्मेदारी होगी। गौरतलब है कि भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल पहले ही समाप्त हो चुका है, लेकिन देश में लगातार हो रहे अहम चुनावों के कारण उन्हें सेवा विस्तार दिया जाता रहा।
रविवार शाम को नितिन नबीन की कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति से यह संकेत स्पष्ट हो गया है कि अब जेपी नड्डा को आगे सेवा विस्तार मिलने की संभावना नहीं है, और पार्टी नेतृत्व में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

