पटना(PATNA) : बिहार में लंबे समय से शिक्षक भर्ती को लेकर चल रही अटकलों के बीच शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि शिक्षक भर्ती (TRE-4) के तहत इस बार 26 हजार से ज्यादा पदों पर नियुक्ति की जाएगी। मंत्री ने कहा कि अगले 4-5 दिनों में इन रिक्तियों की सूची बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी जाएगी।
बची हुई सीटें जुड़ेंगी अगले चरण में
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि इस भर्ती के बाद भी कुछ सीटें रिक्त रह जाएंगी तो उन्हें आगामी चरण यानी TRE-5 में शामिल कर दिया जाएगा। वहीं, उम्मीदवारों की लगातार सीटें बढ़ाने की मांग पर उन्होंने कहा कि यह संख्या किसी भी हाल में कम नहीं है। पदों का निर्धारण सब्जेक्ट और छात्रों की संख्या के आधार पर ही किया जाता है।
STET 2025 का शेड्यूल जारी
शिक्षा मंत्री ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2025 की घोषणा भी की। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा यह परीक्षा 12 से 31 अक्टूबर 2025 के बीच आयोजित होगी। आवेदन प्रक्रिया 19 से 27 सितंबर तक चलेगी। परीक्षा का परिणाम 16 नवंबर 2025 को जारी किया जाएगा।
ट्रांसफर-पोस्टिंग प्रक्रिया शुरू
शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने अहम जानकारी दी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने अंतर-जिला तबादले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 5 से 13 सितंबर के बीच शिक्षकों से ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर आवेदन लिए गए थे। कुल 41,689 शिक्षकों ने आवेदन किया, जिनमें से 24,600 शिक्षकों को उनकी पसंद के जिलों में से एक जिला आवंटित कर दिया गया। इनमें करीब 9,900 महिला और 14,700 पुरुष शिक्षक शामिल हैं।
दिव्यांग शिक्षकों को प्राथमिकता
मंत्री ने बताया कि दिव्यांग शिक्षकों को भी इस प्रक्रिया में प्राथमिकता दी गई। 61 दिव्यांग महिला शिक्षिकाओं में से 92 प्रतिशत और पुरुष शिक्षकों में से 83 प्रतिशत को मनचाहा जिला मिला है। हालांकि अभी भी लगभग 17,000 शिक्षकों को जिला आवंटित नहीं किया जा सका है। ऐसे शिक्षकों से 23 से 28 सितंबर तक फिर से तीन नए जिलों का विकल्प मांगा जाएगा।
NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

