बिहार(BIHAR):बिहार सरकार ने उन लोगों के लिए बड़ी घोषणा की है जिनका अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग 22 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाएगा। इस दौरान सभी पंचायतों में कैंप लगाकर पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाए जाएंगे।
पंचायत स्तर पर लगेगा कैंप
अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर कैंप का आयोजन होगा। अधिकतर कैंप पंचायत सरकार भवन में लगाए जाएंगे। यह प्रक्रिया राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत पात्र लाभुकों को कवर करने के लिए शुरू की गई है, ताकि किसी भी पात्र परिवार को राशन कार्ड से वंचित न रहना पड़े।
मौके पर ही होगी ऑनलाइन एंट्री
हर कैंप में आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी और कर्मी कंप्यूटर/लैपटॉप के साथ मौजूद रहेंगे। आवेदकों द्वारा दिए गए आवेदन उसी दिन पोर्टल Rconline.bihar.gov.in पर अपलोड किए जाएंगे। आवेदन जमा करने वाले सभी लोगों को उसी समय रसीद भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जांच के बाद जारी होगा राशन कार्ड
ऑनलाइन अपलोड किए गए आवेदनों की नियमानुसार जांच की जाएगी। पात्रता की पुष्टि होने पर संबंधित परिवार को नया राशन कार्ड जारी कर दिया जाएगा। कैंप की तारीख और स्थान की जानकारी पहले से स्थानीय प्रचार माध्यमों के जरिए दी जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।
चुनाव से पहले सरकार की पहल
चूंकि यह अभियान बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चलाया जा रहा है, ऐसे में इसे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इस योजना से लाखों ऐसे लोग जो अब तक छूटे हुए थे, उन्हें सरकारी राशन सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

