पटना (PATNA): प्रत्यय का मतलब है वैसा शब्दांश जो किसी धातु या शब्द के पीछे लग जाए वह नया शब्द बन जाता है या अर्थ बदल जाता है। प्रत्यय अमृत ने अपने करियर में कई विभागों के पीछे रहकर इसके अर्थ बदले है। वैसे शाब्दिक अर्थ होता है भरोसा , विश्वास। नीतीश कुमार ने नाम के अनुरूप इनपर हमेशा भरोसा जताया है और महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी देते रहे है। कई विभागों में रहते हुए उसे नई ऊंचाई दी तो कई सवाल भी उठे। दिल्ली के संत स्टीफन से स्नातक कर पहले प्रयास में यूपीएससी पास कर सेवा में पहुंचे। पंचायती राज विभाग में रहते हुए उन्होंने ग्राम पंचायतों की स्थिति मजबूत करने के प्रयास किए, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड में MD रहते हुए बंदप्राय निगम को मुनाफे में लाया। राज्य में पुलों का निर्माण रिकॉर्ड गति से कराया। बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी में रहते बिजली व्यवस्था में आमूलचूल सुधार किया।बिहार के जल जीवन हरियाली अभियान में उनका नेतृत्व काफी सराहा गया। भारत सरकार ने प्रधानमंत्री पुरस्कार फॉर एक्सीलेंस इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन से भी सम्मानित किए गए। पर समय समय पर विपक्ष द्वारा कई आरोप भी लगते रहे है। कोविड के समय स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव रहते कई सवाल खड़े हुए थे। नीतीश कुमार के खास होने और इसके कारण विशेष तरजीह मिलने का भी आरोप लगता रहा है। आज करियर के सबसे ऊंचे मुकाम पर है और हाथो में अबतक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी। साइलेंट परफॉर्मर माने जाने वाले प्रत्यय अमृत मुख्य सचिव के पद पर रहते इस नई पारी को यादगार बनाएंगे और बिहार के लिए नए प्रतिमान गढ़ेंगे इसके लिए अनेक शुभकामनाएं ।
NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

