बिहार के डिप्टी सीएम और झारखंड के सीएम ने थामा एक-दूसरे का हाथ..आखिर क्या हुई बात ?

बिहार के डिप्टी सीएम और झारखंड के सीएम ने थामा एक-दूसरे का हाथ..आखिर क्या हुई बात ?

गोड्डा(JHARKHAND): झामुमो अध्यक्ष व झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाते हुए फोटो खिंचवाया, जो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो रहा है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई।

दरअसल, गोड्डा के राजद विधायक सह झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव की दिवंगत माता स्व. प्राणवती देवी का शनिवार को श्रद्धांजलि सभा सह शांति भोज आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए।

दोनों नेताओं ने शोकसंतप्त स्वजनों को ढांढ़स बंधाया और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम बिहार के बांका जिले के बड़ी ढाका गांव स्थित मंत्री संजय प्रसाद यादव के पैतृक आवास पर आयोजित हुआ था।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भाजपा से जुड़े हैं, जबकि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झामुमो के नेता हैं। दोनों दलों के बीच राजनीतिक तल्खी जगजाहिर है और उनके नेता एक-दूसरे पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।

ऐसे में दोनों नेताओं की गर्मजोशी भरी मुलाकात चर्चा का विषय बन गई। दोनों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और कुछ देर तक हाथ थामे रहे। इस दौरान नजरों-ही-नजरों में बातचीत हुई और दोनों के चेहरे पर मुस्कान बनी रही।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उनका काफिला मंत्री के आवास और समारोह स्थल तक पहुंचा, जहां पहले से ही हजारों की भीड़ मौजूद थी।

सुबह से ही शांति भोज का आयोजन चल रहा था। आम और खास सभी के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में मंत्री के समर्थकों सहित स्थानीय ग्रामीणों ने पूरे आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।

इस दौरान मंत्री संजय प्रसाद यादव के अलावा बिहार के बेलहर विधायक सह मंत्री के अनुज मनोज यादव भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री के स्वजनों से भेंट कर शोक की इस घड़ी में अपनी संवेदना प्रकट की।

मौके पर मंत्री की धर्मपत्नी सह गोड्डा की पूर्व जिप अध्यक्ष कल्पना देवी, मंत्री के पुत्र व गत विधानसभा चुनाव में कहलगांव सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ चुके रजनीश यादव, मंत्री के पिता चंद्रशेखर प्रसाद यादव, बड़े भाई दिलीप यादव, छोटे भाई वकील यादव सहित अन्य परिजन उपस्थित थे।

इससे पूर्व श्रद्धांजलि सभा में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। वहीं बिहार सरकार के कई मंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *