बिहार(BIHAR):बिहार के गयाजी जिले में गुरुवार को एक दुखद हादसे में 5 स्कूली छात्रों की जान चली गई। बेलागंज और खिजरसराय की सीमा पर स्थित पनारी पुल पर फल्गु नदी में डूबने से इनकी मौत हो गई। ये सभी बेलागंज के वाजितपुर गांव के रहने वाले थे। परीक्षा देने के बाद वे गुरुवार दोपहर को फल्गु नदी में नहाने चले गए थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार पनारी के नागार्जुन हाई स्कूल में 11वीं की त्रैमासिक परीक्षा देने के बाद 13 छात्र फल्गु नदी में उतर गए। बालू खनन को लेकर हुए गड्डे में फंस जाने से एक छात्र डूबने लगा। उसी को बचाने में एक के बाद एक अन्य साथी गहरे पानी में चले गए।
बताया जा रहा है कि स्थानीय मछुआरों ने नदी में से लड़कों को बाहर निकाला। डूबते किशोरों को बचाने के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह सभी को खिजरसराय अस्पताल पहुंचाया। यहां से गंभीर हालत में आगे रेफर किया गया। रेफर हुए 7 छात्रों में दो की मौत गयाजी के निजी नर्सिंग होम में हुई। वहीं दो का इलाज मगध मेडिकल में हो रहा। बाकी तीन की मौत रास्ते में होने की बात कही जा रही।
ग्रामीणों के मुताबिक 6 किशोर सुरक्षित हैं। अन्य दो का इलाज गयाजी के मगध मडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। मरने वालों में 17 वर्षीय मो. कैफ, 18 वर्षीय मो. शाहनवाज, 17 वर्षीय मो. सारिक, 16 वर्षीय मोहम्मद अनस, 16 वर्षीय मो. सुफियान शामिल हैं। जबकि गंभीर घायल 20 वर्षीय तौसीफ और 18 वर्षीय शाहिल है।
रील बनाने को लेकर नदी में उतरने की चर्चा
पांच किशोरों की डूबने से हुई मौत को लेकर पूरे इलाके में कोहराम मचा है। चर्चा इस बात की भी हो रही कि रील बनाने को लेकर सभी फल्गु में उतरे थे। हालांकि, किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
बेलागंज थाना की पुलिस देर तक नहीं पहुंची
इस घटना के बाद खिजसराय थाना की पुलिस घटनास्थल तो पहुंची, लेकिन जिस गांव के बच्चे डूबे हैं वहां बेलागंज की पुलिस शाम तक नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने शवों के पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया है। ऐसे में देर शाम तक सभी शव गांव में ही रखे गए। इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

