धनबाद(DHANBAD): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आज बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के कार्यान्वयन एवं अनुश्रवण के लिए जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना झारखंड में खरीफ और रबी फसलों के लिए एक किसान हितैषी योजना है। यह किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान पर मामूली शुल्क में बीमा कवर प्रदान करती है। साथ ही प्रभावित किसानों को वित्तीय सहायता सुनिश्चित करती है। इसका
उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, कीटों और बीमारियों के कारण फसलों को होने वाली हानि से सुरक्षा प्रदान करना है।
बैठक में विचार विमर्श के बाद बाघमारा प्रखंड के 9963, बलियापुर के 9895, धनबाद के 1585, एगारकुंड के 474, गोविंदपुर के 15904, कलियासोल के 8892, निरसा प्रखंड के 5792, पूर्वी टुंडी के 6599, तोपचांची के 19433 एवं टुंडी प्रखंड के 7766 सहित 86303 आवेदनों को सर्वसम्मति से अनुमोदन की स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, जिला सहकारिता पदाधिकारी वेद प्रकाश, जिला मत्स्य पदाधिकारी उषा किरण, डीडीएम नाबार्ड रवि लोहानी, बजाज एलियांज के प्रतिनिधि राघवेंद्र सिंह, एलडीएम कार्यालय से संजीत सिंह व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

