धनबाद(DHANBAD):धनबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबुडीह में शुक्रवार सुबह एक कुएं से युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अरुण कुमार उर्फ लाला के रूप में की गई है, जो उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले का रहने वाला था।
मिली जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार बिजली खंभा गाड़ने वाली कंपनी ‘लेजर पावर’ के लिए कार्यरत एक पेटी कांट्रेक्टर के अधीन काम कर रहा था। वह विशनपुर बाबूडीह क्षेत्र में अन्य कर्मचारियों के साथ किराए पर रह रहा था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात सभी कर्मी अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह उठने पर जब अरुण कुमार अपने कमरे में नहीं मिला, तो साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान कुएं के पास उसका चप्पल पड़ा मिला, जिससे संदेह गहराया। कुएं में झांकने पर अरुण का शव पानी में उतराया हुआ मिला।
सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना है, आत्महत्या या कुछ और। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

