बाघमारा : दरिदा मौजा की विवादित भूमि की मापी शुरू..

बाघमारा : दरिदा मौजा की विवादित भूमि की मापी शुरू..

धनबाद(DHANBAD) : बाघमारा अंचल सिंदवारटांड़ हीरक रोड स्थित दरिदा मौजा की विवादित बाउंड्रीवॉल के अंदर वरीय अधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को बाघमारा अंचल कार्यालय ने मापी शुरू करायी. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा बजट सत्र के दौरान अवमानना का मामला सदन में उठाये जाने के बाद जिला प्रशासन रेस हुआ है. इसी आलोक में आनन-फानन में जमीन मापी करायी गयी. इस जमीन को ले कर एक जन प्रतिनिधि पर आरोप लगते रहा है. जबकि ग्रामीण भी दो भाग में बंटे हुए हैं. एक पक्ष के ग्रामीण जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं. जबकि दूसरे पक्ष के ग्रामीण इस जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा रहे हैं.
इससे पूर्व भी कई बार वरीय अधिकारियों ने जमीन मापी करायी थी. जमीन मापी अंचल के प्रभारी सीआई विनोद प्रसाद सिन्हा की उपस्थिति में करायी गयी. मापी के दौरान जिला के अपर समाहर्ता विनोद कुमार तथा बाघमारा अंचलाधिकारी बाल किशोर महतो पहुंचे और मामले की जानकारी ली. उन्होंने जमीन मापी को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये. अंचलाधिकारी ने बताया कि सदन में विधायक सरयू राय द्वारा मामला उठाया गया था, उसी आलोक में चहारदीवारी की मापी कर उसमें सरकारी जमीन चिह्नित की जा रही है. यहां पर सूचना पट लगाया जायेगा. बताया कि उस जगह पर लगभग 16 .52 एकड सरकारी जमीन है. कहा कि बाउंड्रीवॉल किसकी है तथा किसके द्वारा अवैध कब्जा किया गया है, उसकी भी जांच की जा रही है.

पहले भी सदन में उठ चुका है मामला, ग्रामीण भी करते रहे हैं आंदोलन
सनद रहे कि विधायक सरयू राय इस मामले को अब तक तीन बार सदन में मामला उठा चुके हैं. कोई पहल नहीं होने पर वर्तमान बजट सत्र के दौरान अवमानना का मामला उठाया गया. उन्होंने पिछले साल 25 अप्रैल तथा दो अगस्त को भी दबंगों द्वारा दरिदा तथा लेढ़ीडूमर की लगभग 200 एकड़ सरकारी जमीन को चहारदीवारी से घेरकर अवैध कब्जा करने का मामला उठाया था. ग्रामीणों ने भी जबरन जमीन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिला पुलिस प्रशासन से लेकर राज्यपाल तक पत्राचार कर कब्जामुक्त कराने की मांग की थी. राज्यपाल सचिवालय से धनबाद के डीसी को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा गया है.

सांसद पर सरयू राय ने लगाया है आरोप
विधायक राय ने राज्यपाल को लिखे पत्र में धनबाद के सांसद ढुलू महतो पर कई आरोप लगाये हैं. इसमें जबरन जमीन कब्जा कराने का भी आरोप है. दूसरी तरफ, इस मामले में सांसद ढुलू महतो से संपर्क करने की कोशिश की गयी. लेकिन, उनसे बात नहीं होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल पाया.

NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *