
धनबाद(DHANBAD):बांग्लादेश में हिंदू समाज पर निरंतर हो रहे अत्याचार, हिंसा एवं अमानवीय कृत्यों के विरोध में आज मनईटांड़ मंडल के तत्वावधान में मनईटांड़ गोल बिल्डिंग से बिरसा चौक, बैंकमोड़ तक एक सशक्त आक्रोश प्रदर्शन निकाला गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रकट किया तथा कैंडल प्रज्वलित कर दिवंगत दीपू चंद्र दास को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस आक्रोश प्रदर्शन में झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक श्री राज सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में धनबाद महानगर जिला अध्यक्ष श्री श्रवण राय, मनईटांड़ मंडल अध्यक्ष इंद्रभूषण कुशवाहा, सदर मंडल अध्यक्ष श्री राजाराम दत्ता, संजय कुशवाहा, निर्मल प्रधान सहित सैकड़ों की संख्या में सनातन धर्मावलंबी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि
“बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचार और हिंसा मानवता पर कलंक हैं। किसी भी सभ्य समाज में इस प्रकार की घटनाएं स्वीकार्य नहीं हो सकतीं। भारत का हिंदू समाज और पूरा राष्ट्र पीड़ित हिंदुओं के साथ मजबूती से खड़ा है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी इस विषय पर संज्ञान लेकर कठोर कदम उठाने चाहिए, ताकि अल्पसंख्यक हिंदुओं को सुरक्षा और न्याय मिल सके।”
विधायक श्री राज सिन्हा ने भी कहा कि हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं और इस विषय पर विश्व समुदाय को गंभीरता से हस्तक्षेप करना चाहिए।
प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि पूरा राष्ट्र पीड़ित हिंदू समाज के साथ दृढ़ता से खड़ा है और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

