आसनसोल(WEST BENGAL): आसनसोल के साउथ विधानसभा क्षेत्र स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा आसनसोल नगर निगम के बोरो चेयरमैन देबासिस सरकार ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने तृणमूल के सोशल मीडिया पेज पर साझा किए गए एक वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा बंगाल में “बम के सहारे बदलाव” लाना चाहती है।
देबासिस सरकार का दावा है कि यह वीडियो भाजपा की आसनसोल साउथ विधानसभा की विधायक अग्निमित्रा पाल की कांथी में आयोजित परिवर्तन रथ यात्रा के दौरान का है। उनके मुताबिक यह वीडियो किसी विरोधी दल ने नहीं, बल्कि खुद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया।
तृणमूल नेता का आरोप है कि वीडियो में कुछ भाजपा कार्यकर्ता अपनी विधायक से बातचीत के दौरान यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि उन्होंने लोकसभा चुनाव के समय बमबाजी की थी और उसी के सहारे जीत हासिल की थी।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा निष्पक्ष तरीके से चुनाव जीतने में असफल रही है और हिंसा का सहारा ले रही है। देबासिस सरकार ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी के सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि “गद्दार अधिकारी” कहे जाने वाले नेता के भाई को भी कांथी लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए बमबाजी का सहारा लेना पड़ा था।
हालांकि, इन आरोपों को लेकर भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी माहौल के बीच इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप से पश्चिम बंगाल की सियासत और गरमाने की संभावना है। वहीं तृणमूल नेताओं का कहना है कि बंगाल की जनता सब कुछ देख और समझ रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट
