बच्चा चोरी की अफवाह पर सख्त चेतावनी: भीड़ द्वारा हिंसा करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई…

बच्चा चोरी की अफवाह पर सख्त चेतावनी: भीड़ द्वारा हिंसा करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई…

“शक होने पर सूचना दें” – एसएसपी महोदय की नागरिकों से अपील

अफवाह फैलाने वालों पर भी कसेगा शिकंजा, सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी निगरानी

धनबाद पुलिस का व्यापक जागरूकता अभियान, कई विभागों की सहभागिता से जारी है प्रचार प्रसार

अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील, बच्चों को भी किया जा रहा जागरूक

धनबाद(DHANBAD): धनबाद समेत आसपास के जिलों में इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाह ने गंभीर रूप ले लिया है। कई स्थानों पर केवल संदेह या सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों के आधार पर लोगों को “बच्चा चोर” बताकर भीड़ द्वारा पिटाई किए जाने की घटनाएँ सामने आ रही हैं। दुखद पहलू यह है कि इन घटनाओं में ज्यादातर निर्दोष राहगीर, मजदूर, भिक्षुक या मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति हिंसा के शिकार हो रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धनबाद पुलिस लगातार सक्रिय है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक कदम उठा रही है।

एसएसपी प्रभात कुमार की दो टूक: कानून हाथ में लिया तो बख्शे नहीं जाएंगे

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि बच्चा चोरी की अफवाहों से सावधान रहें और केवल शक के आधार पर किसी अजनबी व्यक्ति को अपराधी न मानें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है तो तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 पर सूचना दें। किसी को पकड़कर उसके साथ हिंसक व्यवहार करना स्वयं एक गंभीर दंडनीय अपराध है। एसएसपी महोदय ने चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चा चोरी के नाम पर भीड़ इकट्ठा कर हिंसा करने वालों के विरुद्ध सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। कानून को अपने हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से भी अपील की है कि बच्चा चोरी से संबंधित कोई भी अपुष्ट खबर, वीडियो या फोटो बिना सत्यापन के पोस्ट, शेयर या लाइक न करें।

यदि ऐसी कोई भ्रामक पोस्ट दिखे तो उसे तुरंत पुलिस को भेजें, ताकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गलत सूचना फैलाना भी दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।

जागरूकता अभियान में कई विभागों की भागीदारी

बढ़ती अफवाहों को रोकने के लिए धनबाद पुलिस ने जिला प्रशासन के सहयोग से संयुक्त रूप से व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला पंचायती राज विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्वयंसेवी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस मुहिम के तहत गांव-गांव और मोहल्लों में लोगों को समझाया जा रहा है कि अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचित करें।

सामाजिक व धार्मिक संगठनों से भी सहयोग की अपील

एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, चेंबर ऑफ कॉमर्स, व्यापारी संगठनों, जन सहयोग समितियों और शांति समिति से जुड़े लोगों से भी अपील की है कि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लोगों को जागरूक करें और अफवाहों को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

अभिभावकों और बच्चों के लिए विशेष संदेश

धनबाद पुलिस ने अभिभावकों से अपने बच्चों को सतर्क रहने और अजनबियों से सावधान रहने की सीख देने का आग्रह किया है। साथ ही बच्चों को भी जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि वे किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों या पुलिस को सूचना दें सके।

एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि अफवाहों के आधार पर हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिकों से अपील है कि वे संयम और सतर्कता बनाए रखें, क्योंकि जागरूक समाज ही अफवाह और भीड़ की हिंसा पर प्रभावी रोक लगा सकता है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *