धनबाद (DHANBAD): धनबाद फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुवार की अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मिलावटी पनीर जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में बिहार से आने वाली बस से करीब 1400 किलो संदिग्ध पनीर और घी बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच पूजा टॉकीज इलाके में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान बिहार की राजधानी पटना से आने वाली बुंदेला एसी बस (BR 21P 3632) से लगभग 1400 किलोग्राम पनीर और घी के 6 टिन जब्त किए गए।
छापेमारी का नेतृत्व फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ राजा कुमार ने किया। मौके पर ही जब्त पनीर का स्टार्च टेस्ट किया गया, जिसमें सभी नमूने फेल पाए गए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पनीर मिलावटी और घटिया गुणवत्ता का था, जिसे बाजार में बेचने की तैयारी थी।
फूड सेफ्टी विभाग ने जब्त खाद्य सामग्री के नमूने आगे की जांच के लिए स्टेट फूड टेस्टिंग प्रयोगशाला रांची भेज दिए हैं।
जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलावट करने के जुर्म में कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल बरटांड़ बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में फूड सेफ्टी विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना देने की अपील की गई है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

