Pahalgam terror attack: खुफिया सूत्रों को पहलगाम आतंकी हमले में पांच से छह आतंकवादियों के शामिल होने का संदेह है. इस समूह में कथित तौर पर विदेशी आतंकवादी शामिल थे. माना जाता है कि वे पाकिस्तानी हैं, जिन्होंने पर्यटकों पर हमला करने से कुछ दिन पहले ही घाटी में घुसपैठ की थी. सूत्रों ने यह भी खुलासा किया कि लश्कर के उप प्रमुख सैफुल्लाह कसूरी को पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. आइये जानते हैं कि कौन है ये सैफुल्लाह कसूरी.
कौन है सैफुल्लाह कसूरी
सैफुल्लाह कसूरी हाफिज सईद का बेहद करीबी है. लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ को सैफुल्लाह खालिद के नाम से भी जाना जाता है. भारत में हुए कई बड़े आतंकी हमलों में उसका नाम आ चुका है.
लग्जरी कारों और हथियारों का शौक
कहते हैं कि सैफुल्लाह को लग्जरी कारों और हथियारों का शौक है. उसकी सुरक्षा के लिए लश्कर के आतंकी हमेशा अत्याधुनिक हथियारों से लैस रहते हैं. वह सेना के अफसरों का चहेता है क्योंकि वह पाकिस्तानी सेना के जवानों का हौसला बढ़ाने का काम करता है.
इस पहलगाम आतंकी हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक फ्रंट टीआरएफ यानी द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने ली है. यानी इन हमलों का लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह से सीधा लिंक है.
‘फरवरी 2026 तक करेंगे कश्मीर पर कब्जा’
आतंकी हमले से दो महीने पहले सैफुल्लाह खालिद पाकिस्तान के पंजाब के कंगनपुर गया था. वहां पाकिस्तानी सेना की एक बड़ी बटालियन तैनात है. वहां सैफुल्लाह खालिद ने पाकिस्तानी सेना को भारत के खिलाफ भड़काया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हुई एक मीटिंग में उसने भारत के खिलाफ जहर उगला था. उसने कहा, “मैं वादा करता हूं कि आज 2 फरवरी 2025 है. हम 2 फरवरी 2026 तक कश्मीर पर कब्जा करने की पूरी कोशिश करेंगे. आने वाले दिनों में हमारे मुजाहिदीन हमले तेज करेंगे. हमें उम्मीद है कि 2 फरवरी 2026 तक कश्मीर आजाद हो जाएगा. उसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में हथियारबंद आतंकी शामिल हुए थे.
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

