
‘धनबाद(DHANBAD):उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों की सहियाओं के लिए समाहरणालय के ग्राउंड फ्लोर, बीबीएमकेयू तथा सदर अस्पताल के एमटीसी ट्रेनिंग सेंटर में द्वितीय चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने समाहरणालय के ट्रेनिंग सेंटर का भ्रमण किया। उन्होंने सभी सहिया को गर्भवती महिलाओं की नॉर्मल डिलीवरी कराने का अनुरोध किया। साथ-साथ कहा कि जिले के सभी 350 हेल्थ सब सेंटर का जीर्णोद्धार हो रहा है। जीर्णोद्धार का काम इसी वर्ष अगस्त-सितंबर तक पूरा हो जाएगा। इसमें प्रसव के लिए गर्म एवं ठंडा पानी, शौचालय सहित सभी सुविधाओं के साथ कक्ष भी उपलब्ध रहेगा।
उपायुक्त ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में सहिया का महत्वपूर्ण योगदान है। वे महिला सशक्तिकरण में अग्रणी भूमिका निभा सकती है। बच्चों तथा माता की बेहतर देखभाल कर सकती है। वंचित वर्ग तक अपनी पहुंच बना सकती है।
उपायुक्त के साथ संवाद के दौरान सहिया ने भी अपनी समस्या से अवगत कराया। जिसका उपायुक्त में शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।
द्वितीय चरण का प्रशिक्षण 25 मार्च तक चलेगा। इसमें सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव, घर में प्रसव की तैयारी, सरकारी योजनाओं का लाभ, प्रसव-पूर्व गर्भवती महिला की देखभाल और जाँच, घर पर मुलाक़ात, माँ और शिशु की देखभाल, प्रसव के बाद की देखभाल, कुपोषण, सच्छता, विलेज हेल्थ न्यूट्रीशनल डे, अर्बन हेल्थ न्यूट्रीशनल डे, विभिन्न रजिस्टरों में एंट्री करना, सहिया एप का संचालन करना सहित अन्य विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

