प्रयागराज(PRAYAGRAJ): खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से वीडियो जारी कर महाकुंभ के दौरान बदला लेने की यूपी सरकार को धमकी दी गई है. पन्नू की ओर से यह धमकी यूपी के पीलीभीत में तीन खालिस्तानी आतंकियों के एनकाउंटर के बाद दी गई. खालिस्तानी आतंकी पन्नू की इस धमकी को लेकर यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा है कि इस तरह की धमकियों की निगरानी की जा रही है. उन्होंने कहा है कि हमारी कोशिश यही रहेगी कि हमारा कुंभ दिव्य और भव्य के साथ ही पूरी तरह से सुरक्षित भी हो…
यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा है कि महाकुंभ की सुरक्षा को लेकर यूपी पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं. उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस महाकुंभ में अपने आप को बेस्ट साबित करने की पूरी कोशिश करेगी. उन्होंने कहा कि महाकुंभ में पहली बार एआई तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है. इसमें फेसियल रिकॉग्निशन और इवेंट डिटेक्शन में एआई का इस्तेमाल किया जाएगा….
महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
मंगलवार को संगम नगरी प्रयागराज पहुंचे एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने महाकुंभ क्षेत्र में सुरक्षा तैयारियां का जायजा लिया. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ही साथ महाकुंभ मेले में बाहरी जिलों से आई पुलिस फोर्स की व्यवस्थाओं को भी देखा. एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने महाकुंभ को लेकर पुलिस की तैयारियों की भी समीक्षा की. उन्होंने घुड़सवार पुलिस के घोड़े पर बैठकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद पुलिस की तैयारियों से संतुष्ट नजर आ रहे एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा कि पुलिस की तैयारी संतोषजनक है. उन्होंने कहा कि बाहरी जिलों से जो पुलिस फोर्स बुलाई गई है उसकी लगातार ट्रेनिंग कराई जा रही है और अन्य एक्सरसाइज भी की जा रही है. ताकि महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके….
जल, थल और नभ से निगरानी
महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा है किजल में जहां जल पुलिस तैनात की गई है. वहीं जमीन राइडर्स भी लगातार निगरानी कर रहे हैं. राइडर्स भीड़ को कंट्रोल करने की भी कोशिश करते हैं. आकाश में ड्रोन लगाए जाएंगे जिससे मॉनिटरिंग की जाएगी. जबकि बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. जिसमें फेसियल रिकॉग्निशन, क्राउड मॉनिटरिंग, हेड काउंट और अन्य सुविधाओं से लैस किया गया है. इसके अलावा किसी इवेंट पर अलर्ट जारी करने की भी सुविधा रखी गई है. पूरे मेला क्षेत्र में लाइटिंग की अच्छी व्यवस्था की गई है ताकि विजिबिलिटी बनी रहे. किसी आपदा की चुनौती से निपटने के लिए लगातार एक्सरसाइज की जा रही है….
महाकुंभ में यूपी पुलिस का बेस्ट प्रदर्शन होगा
महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा कि कई स्तरों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि महाकुंभ मेले में देश और विदेश से जो भी श्रद्धालु आएंगे, उन्हें हर स्तर से जांचा परखा जाएगा. उन्होंने दावा किया कि महाकुंभ मेले में यूपी पुलिस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी….
NEWSANP के लिए प्रयागराज से ब्यूरो रिपोर्ट

