नई दिल्ली(NEW DELHI): अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने प्रयागराज के महाकुंभ से लाया गया गंगाजल गबार्ड को भेंट किया।
मुलाकात के दौरान पीएम मोदी गबार्ड को महाकुंभ की संक्षिप्त जानकारी भी देते हैं। वह बताते हैं कि इस आयोजन के दौरान 66 करोड़ लोगों ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई।
प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने भी त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई थी। वहीं अमेरिकी खुफिया प्रमुख ने पीएम मोदी को एक ‘तुलसी माला’ भेंट की।
इससे पहले गबार्ड ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान सिंह ने अमेरिकी धरती पर भारतीय हितों के खिलाफ काम कर रहे खालिस्तानी चरमपंथियों का मुद्दा उठाया।
बातचीत में राजनाथ सिंह ने खालिस्तानी संगठन एसएफजे (सिख फॉर जस्टिस) की भारत विरोधी गतिविधियों पर प्रकाश डाला। एसएफजे को भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ काम करने के लिए देश में प्रतिबंधित किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया, “भारत ने अपनी चिंता व्यक्त की और अमेरिकी प्रशासन से गैरकानूनी संगठन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।”
अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक (डीएनआई) तुलसी गबार्ड ने राजनाथ सिंह के साथ द्विपक्षीय चर्चा की, जिसमें दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा संबंधों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
NEWSANP के लिए नई दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट
