काजीरंगा कॉरिडोर का भूमि पूजन, दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
असम(ASSAM): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम में कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने अपने सियासी लाभ के लिए राज्य में अस्थिरता पैदा की और असम को वर्षों तक हिंसा की आग में झोंक दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल सरकारें बनाने और वोट बैंक मजबूत करने के लिए असम की धरती को घुसपैठियों के हवाले कर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के भूमि पूजन और दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
‘समस्याओं का समाधान नहीं, सियासी फायदा देखती रही कांग्रेस’
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद असम के सामने कई गंभीर चुनौतियां थीं, लेकिन कांग्रेस ने उनका समाधान खोजने के बजाय सियासी लाभ के लिए उपेक्षा और विभाजन की राजनीति की।
उन्होंने कहा,
“जब भरोसे की जरूरत थी, तब कांग्रेस ने विभाजन बढ़ाया। जब संवाद की जरूरत थी, तब उपेक्षा की। और जब असम के लोगों के जख्म भरने की जरूरत थी, तब कांग्रेस घुसपैठियों की आवभगत में लगी रही।”
‘घुसपैठ से वोट बैंक मजबूत किया गया’
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम में विदेशी घुसपैठ को बढ़ावा दिया क्योंकि इससे उसका वोट बैंक मजबूत होता था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान विदेशी घुसपैठिए आते रहे, असम की लाखों बीघा जमीन पर कब्जा करते रहे और तत्कालीन सरकारें उनकी मदद करती रहीं।
‘असम की संस्कृति और पहचान का सम्मान नहीं किया गया’
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने असम की संस्कृति, सम्मान और पहचान को लगातार नजरअंदाज किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारत रत्न भूपेन हजारिका को सम्मान देने का विरोध किया और कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के एक मंत्री ने असम में सेमीकंडक्टर यूनिट लगाए जाने का भी विरोध किया।
‘नॉर्थ ईस्ट की पीड़ा दूरी की रही’
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत की सबसे बड़ी पीड़ा हमेशा दूरी की रही है—दूरी दिलों की भी और विकास की भी।
दशकों तक यहां के लोगों को यह महसूस होता रहा कि देश का विकास कहीं और हो रहा है और वे पीछे छूट रहे हैं। इसका असर सिर्फ अर्थव्यवस्था पर नहीं, बल्कि भरोसे पर भी पड़ा।
उन्होंने कहा कि इस सोच को बदलने का काम भाजपा सरकार ने किया है।
‘डबल इंजन सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी’
पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने नॉर्थ ईस्ट के विकास को प्राथमिकता दी है।
सड़क, रेल, हवाई और जलमार्ग—चारों माध्यमों से असम को जोड़ने का काम एक साथ शुरू हुआ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान असम को लगभग 2000 करोड़ रुपये का रेल बजट मिलता था, जिसे भाजपा सरकार ने बढ़ाकर करीब 10 हजार करोड़ रुपये प्रतिवर्ष कर दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे और भरोसे की भावना के साथ नॉर्थ ईस्ट आज समग्र विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

