
पाकुड़(PAKUD):पाकुड़ समाहरणालय सभागार में डीसी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला स्थापना से संबंधित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान कुल 22 लिपिकों को प्रधान लिपिक के पद पर पदोन्नति दी गई।
यह पदोन्नति लगभग 31 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद दी गई, जिससे पूरे जिले के कर्मियों में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई। प्रोन्नत लिपिकों ने डीसी मनीष कुमार से मुलाकात कर इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया और जिले के प्रशासनिक कार्यों को और अधिक दक्षता एवं निष्ठा से संपन्न करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डीसी मनीष कुमार ने कहा कि “पदोन्नति केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और भरोसे का प्रतीक है।” उन्होंने सभी प्रधान लिपिकों को पूर्ण समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने का आग्रह किया। डीसी ने स्थापना शाखा के कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी नव-प्रोन्नत प्रधान लिपिकों को हार्दिक बधाई दी।
NEWSANP के लिए पाकुड़ से जयदेव कुमार की रिपोर्ट

