पहलगाम आतंकी हमले ने इंसानियत को किया शर्मसार, शोकाकुल परिवारों के साथ मेरी पूरी संवेदना : डॉ. इरफान अंसारी….

पहलगाम आतंकी हमले ने इंसानियत को किया शर्मसार, शोकाकुल परिवारों के साथ मेरी पूरी संवेदना : डॉ. इरफान अंसारी….

जामताड़ा (JAMTADA): जम्मू-कश्मीर के सुरम्य पर्यटन स्थल पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को गमगीन कर दिया है। इस निर्मम घटना ने न सिर्फ देशवासियों को झकझोर कर रख दिया, बल्कि एक बार फिर यह साबित कर दिया कि आतंकवाद का कोई मजहब नहीं होता और उसका मकसद सिर्फ इंसानियत को लहूलुहान करना होता है।

घटना की गंभीरता और इससे उपजी पीड़ा को लेकर झारखंड सरकार के मंत्री (स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति व आपदा प्रबंधन विभाग) इरफान अंसारी ने गहरा शोक जताते हुए कहा कि “यह हमला केवल निर्दोष पर्यटकों पर नहीं, बल्कि पूरी मानवता पर एक घातक वार है। ऐसी कायराना हरकतों की कोई माफी नहीं हो सकती।”

अंसारी ने अपने शोक संदेश में कहा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम से आई यह दिल दहलाने वाली खबर मन को बेहद व्यथित करती है। जिन मासूम पर्यटकों को निशाना बनाया गया, वे अमन और प्रकृति की तलाश में वहां गए थे। उन पर हुआ यह आतंकी हमला हमारे देश की इंसानियत पर गहरा आघात है।”

अंसारी ने उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है जिन्होंने इस हमले में अपने प्रियजनों को खोया। उन्होंने कहा, “इस असहनीय पीड़ा में मैं पूरे दिल से शोक संतप्त परिवारों के साथ हूं। उनका दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हों और उनके परिजन इस कठिन समय में धैर्य और साहस जुटा सकें।”

मंत्री अंसारी ने यह भी कहा कि अब वक्त आ गया है कि केवल कड़े शब्दों और बयानबाज़ियों से आगे बढ़ते हुए आतंकवाद के खिलाफ ज़मीनी स्तर पर ठोस और निर्णायक कार्रवाई की जाए। “यह देश प्रेम, भाईचारे और शांति से जीने वालों का है। हम सभी को मिलकर आतंक के खिलाफ एकजुट होना होगा। हम इसे हर हाल में शिकस्त देंगे। निर्दोष लोगों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी।”

झारखंड के मंत्री ने केंद्र और जम्मू-कश्मीर प्रशासन से अपील की कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि ऐसे दुर्दांत हमले दोबारा न हों। उन्होंने साथ ही कहा कि “आतंक के खिलाफ लड़ाई किसी एक राज्य या एक वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे देश की साझा जिम्मेदारी है। जब तक हम एकजुट रहेंगे, कोई भी ताकत हमें कमजोर नहीं कर सकती।”

अंसारी के इस वक्तव्य को जनमानस से काफी समर्थन भी मिल रहा है। सोशल मीडिया पर लोगों ने उनके इस मानवीय और दृढ़ दृष्टिकोण की सराहना की है। उन्होंने आशा जताई कि सरकारें मिलकर इस लड़ाई को निर्णायक अंजाम तक पहुंचाएंगी।

NEWSAPN के लिए जामताड़ा से आर पी सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *