आसनसोल(ASANSOL):आसनसोल नॉर्थ थाना अंतर्गत धाधका इलाके में रविवार की देर शाम पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। विवाद में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना की शुरुआत उस समय हुई जब उमा देवी के घर के बाहर खड़ी उनकी गाड़ी के नीचे एक पड़ोसी बच्चा पटाखा फोड़ने लगा। उमा देवी के पति ने बच्चे को ऐसा करने से मना किया, जिस पर बच्चे की मां मौके पर आ गई और गाली-गलौज करने लगी।
उमा देवी का कहना है कि उन्होंने महिला को शांत रहने को कहा क्योंकि वे अपनी बीमार मां को अस्पताल ले जा रही थीं। लेकिन उस महिला ने बात नहीं मानी और कथित रूप से कुछ युवकों को बुला लिया, जिन्होंने उमा देवी के पति की बेरहमी से पिटाई कर दी।
जब उमा देवी और उनके बेटे मौके पर पहुँचे और इसका कारण पूछा, तो महिला फिर से भड़क गई और दूसरी बार भीड़ को बुलाकर सभी की पिटाई करवाई।
हिंसक हमले में घायल हुए लोगों उमा देवी, सतीश कुमार, विकाश सिंह, आकाश सिंह, रवि कुमार इन सभी का इलाज फिलहाल आसनसोल जिला अस्पताल में चल रहा है।
उमा देवी ने इस घटना को लेकर करीब 20 लोगों के खिलाफ आसनसोल नॉर्थ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। दर्ज नामों में शामिल हैं: संतोष यादव, बिट्टू यादव, सूरज, सुभम मिश्रा, किरण देवी, मीरा देवी, मानसी कुमारी, पवन यादव, मनीष यादव, मनोज यादव, सरोज यादव, महावीर यादव, राकेश यादव, मुकेश यादव, ऋषि यादव, अन्य अज्ञात लोग हैं.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक आरोपी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि घटना की पूरी सच्चाई जांच के बाद सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
NEWSANP के लिए अतीक रहमान की रिपोर्ट

