पटना NEET छात्रा हत्याकांड: जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, मुख्यमंत्री ने केंद्र को भेजा अनुरोध…

पटना NEET छात्रा हत्याकांड: जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, मुख्यमंत्री ने केंद्र को भेजा अनुरोध…

पटना(PATNA): पटना में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की हत्या के मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की सिफारिश की गई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस संबंध में भारत सरकार को औपचारिक अनुरोध भेजा है। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।

सम्राट चौधरी ने बताया कि पटना के चित्रगुप्त नगर में हुई नीट छात्रा की हत्या (कांड संख्या 14/26) की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सीबीआई जांच की सिफारिश की गई है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर मामले का न्यायपूर्ण तरीके से उद्भेदन आवश्यक है।

घटना के 17 दिन बीत जाने के बावजूद बिहार पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। इस बीच, मृत छात्रा के परिजनों ने विशेष जांच दल (SIT) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस जांच सही दिशा में नहीं की जा रही है।
शुक्रवार को पीड़िता की मां ने पुलिस महानिदेशक विनय कुमार से मुलाकात की थी। डीजीपी आवास से बाहर निकलने के बाद वे बेहद नाराज दिखीं और उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस “बिक चुकी है” और उन्हें यहां से न्याय मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। परिजनों और उनके वकील के अनुसार, डीजीपी ने उनसे कहा कि यह मामला रेप का नहीं बल्कि आत्महत्या का है और उन्हें इसे स्वीकार कर लेना चाहिए। इसके बाद उन्हें गृह मंत्री से मिलने की सलाह दी गई।

इस बीच, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की रिपोर्ट में मृत छात्रा के अंडरगारमेंट्स से पुरुष स्पर्म के अवशेष मिलने की पुष्टि हुई है। इसके बाद SIT ने व्यापक स्तर पर डीएनए जांच शुरू की है। अब तक परिजनों समेत 30 से अधिक लोगों के रक्त नमूने लिए जा चुके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी रेप की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा के शरीर पर खरोंच के निशान भी पाए गए हैं।
शुक्रवार शाम गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य सचिव और डीजीपी को अपने आवास पर तलब कर जांच की प्रगति की समीक्षा की और पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला लिया गया। अब सीबीआई इस मामले में नया केस दर्ज कर स्वतंत्र जांच करेगी। हालांकि, पीड़ित परिवार की ओर से पहले सीबीआई जांच की कोई लिखित मांग नहीं की गई थी।

NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *