पटना: आज से पटना में डबल डेकर बस सेवा शुरू हो गई है। पर्यटन मंत्री राजू सिंह ने मंगलवार को जेपी गंगा पथ पर इस बस सेवा का उद्घाटन किया। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) ने यह सेवा शुरू की है। इस बस में बैठकर लोग गंगा नदी और आसपास के ऐतिहासिक स्थल देख सकेंगे। अभी यह बस दीघा से पटना सिटी के कंगनघाट तक चलेगी।
बस का कितना होगा किराया?
बिहार में पर्यटकों के लिए एक नई शुरुआत हुई है। BSTDC ने डबल डेकर बस सेवा शुरू की है। पर्यटन विभाग ने इसकी जानकारी दी। दीघा रोटरी के पास दोपहर 12.30 बजे बस सेवा शुरू हुई। बस दीघा से पटना सिटी के कंगनघाट तक जाएगी। इस बस का किराया 100 रुपये रखा गया है। इस बस सेवा से बिहार आने वाले पर्यटकों को एक नया अनुभव मिलेगा। बिहार में पहली बार ऐसी बस सेवा शुरू हुई है। पहले बिहार में कहीं भी डबल डेकर बस नहीं चलती थी।
बस सेवा की खास बातें
यह बिहार की पहली डबल डेकर बस सेवा है।
किराया मात्र 100 रुपये तय किया गया है।
यात्रियों को गंगा नदी के किनारे बने मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे और ऐतिहासिक इमारतें देखने का मौका मिलेगा।
बस में एक टूरिस्ट गाइड भी होगा, जो स्थलों का इतिहास और महत्व बताएगा।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री राजू सिंह ने कहा कि यह पहल बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देगी। सरकार का लक्ष्य है कि पर्यटकों को बेहतर अनुभव और सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने कहा कि अभी पटना में केवल एक बस चलाई जाएगी। अगर यह सफल रहती है, तो BSTDC ऐसी और बसें शुरू करने पर विचार करेगा। यह सेवा न सिर्फ बिहार आने वाले पर्यटकों के लिए बल्कि पटना के स्थानीय लोगों के लिए भी शहर को एक नए अंदाज में देखने का शानदार अवसर होगी।
NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

