पटना(PATNA) : बिहार की राजधानी पटना के लोगों को जल्द ही एक नई फोरलेन सड़क की सौगात मिलने वाली है। राज्य सरकार ने संपतचक बाजार से परसा बाजार तक चौड़ी और आधुनिक सड़क बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस सड़क से हर दिन जाम की समस्या से जूझ रहे लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
70 करोड़ की लागत, 6.4 किलोमीटर लंबी सड़क
करीब 6.415 किलोमीटर लंबी यह सड़क 70 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी। वर्तमान में यह मार्ग दो लेन का है, जिससे प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों को परेशानी होती है। सड़क चौड़ी होने से आसपास की करीब एक लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
पटना से गया और मसौढ़ी की दूरी होगी कम
यह सड़क संपतचक बाजार को पटना–मसौढ़ी स्टेट हाईवे-1 और परसा बाजार से पुराने एनएच-83 (पटना–गया मार्ग) से जोड़ेगी। साथ ही, यह मीठापुर–सिपारा–महुली–पुनपुन मार्ग से भी जुड़ेगी, जिससे गया और मसौढ़ी तक पहुंचना और आसान हो जाएगा।
बरसात में नहीं होगा जलजमाव
नए निर्माण में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के लिए आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट भी बनाए जाएंगे। इससे बरसात में होने वाला जलजमाव और ट्रैफिक जाम की समस्या दूर होगी।
घनी आबादी को फायदा
इस मार्ग के दोनों ओर घनी आबादी है। फिलहाल की संकरी सड़क पर ट्रैफिक का दबाव अधिक होता है। नई चौड़ी फोरलेन सड़क से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि इन इलाकों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
अर्थव्यवस्था और विकास को मिलेगा बल
यह परियोजना बुनियादी ढांचे के विकास, स्थानीय अर्थव्यवस्था और यातायात सुधार के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। साथ ही, लोगों को जाम और जलजमाव जैसी समस्याओं से भी स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

