Fan Moment : एक मशहूर गजल की पंक्ति है- इश्क नचाए जिसको यार.. वो फिर नाचे बीच बाजार। इस खबर को पढ़ कर आपको इन पंक्तियों के सच साबित होने का एहसास हो जाएगा। फिलहाल सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक नवविवाहित जोड़ी अपनी लव स्टोरी खुद बता रही है। और इस लव स्टोरी का लब्बोलुआब ये है कि एक पंखे ने इस नौजवान जोड़ी को दो से एक कर दिया। यानी दोनों की शादी करवा दी।
ये वाकया ठीक कहां है, ये तो अभी साफ नहीं है.. लेकिन कैमरे में कैद लड़का-लड़की के बातचीत करने के तरीके से इतना तो साफ है कि लव स्टोरी यूपी या बिहार के किसी जगह की है। इस वीडियो को चित्रकूट के एक पत्रकार अभिमन्यु सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक्स पर शेयर किया है। जिसमें लड़का लड़की ये बताते हुए सुने जा रहे हैं कि एक बार लड़की के घर में एक फैन खराब हो गया। जिसकी मरम्मत के लिए लड़की ने लड़के से मदद मांगी और बस यहीं लड़की दिल के हाथों हार गई।
लड़की बताती है कि वो उसे लड़का बहुत अच्छा लगता था और वो हर हाल में उससे शादी करना चाहती थी। इसलिए पहले कभी पंखा, कभी डिश टीवी का एंटिना, तो कभी किसी और चीज की मरम्मत के बहाने वो लड़के को बुलाती थी और फिर आखिरकार उसने लड़के से अपने दिल की बात कही और फिर दोनों ने शादी कर ली।
शादी के तुरंत बाद दोनों से उनकी लव स्टोरी को लेकर बातचीत की, जिसमें दोनों ने पंखे की कहानी बढ़ चढ़ कर सुनाई। खास बात ये है कि लड़का कोई इलेक्ट्रिशियन नहीं है और ना ही लड़की बुलाए जाने से पहले उसने कभी किसी पंखे की मरम्मत की ही थी, लेकिन लड़की ने एक बार बुलाया और फिर किस्मत ही बदल गई। सोशल मीडिया पर दोनों के इस वीडियो पर लोग मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि वो हजारों पंखे मरम्मत कर चुका है, लेकिन तकदीर ऐसी नहीं खुली।
वैसे पंखे की मरम्मत कर जीवन साथी पाने वाले इस लड़के की सूरत एक बिहार के एक बड़े राजनेता से भी मिलती जुलती है। जिसको लेकर सोशल मीडिया पर अलग ही घमासान मचा हुआ है। लोग उस नेता का नाम लेकर अब अलग से तफरीह लेने लगे हैं। वहीं कई यूजर्स का ये कहना है कि ऐसी कहानियां अच्छी लगती हैं, जहां बगैर किसी खून खराबे के प्रेमी जोड़े को उनकी मंजिल मिल गई।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

