आसनसोल(WEST BENGAL): आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के बल्लभपुर स्थित नूपुर ग्राम में गुरुवार को भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और भाजपा के पक्ष में समर्थन की अपील की।
मीडिया से बातचीत करते हुए अग्निमित्रा पाल ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता रील और फेक वीडियो बनाकर भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं, लेकिन अब लोगों के बीच उनका यह तरीका ज्यादा दिन तक नहीं चलने वाला है।
विधायिका ने कहा कि जयदेव खां के खिलाफ दर्ज सभी मामले अब खारिज हो चुके हैं। इसके बावजूद तृणमूल कांग्रेस की ओर से उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल नेतृत्व ने जयदेव खां को अपने दल में शामिल कराने के लिए उनके खिलाफ कई फर्जी मामले दर्ज करवाए थे।
अग्निमित्रा पाल ने यह भी कहा कि तृणमूल के नेता नरेन चक्रवर्ती के करीबी लोगों के खिलाफ कई गंभीर आरोप मौजूद हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी भाजपा नेता अर्जुन सिंह के मामले में इसी तरह की रणनीति अपनाई गई थी। लेकिन अब जनता सब कुछ समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

