
निरसा(NIRSA): निरसा थाना क्षेत्र के शासन बेड़िया स्थित ‘आरती होटल’ में कथित अनैतिक गतिविधियों को लेकर रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद ग्रामीणों ने होटल का घेराव कर जोरदार हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने होटल संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि होटल संचालक ओम प्रकाश सिंह काफी समय से होटल की आड़ में देह व्यापार का अवैध धंधा चला रहा था। कई बार चेतावनी देने के बावजूद गतिविधियां बंद नहीं हुईं, जिससे नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर होटल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही निरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराते हुए होटल संचालक ओम प्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर थाना ले गई। पुलिस ने होटल से मिले एक युवक और एक युवती को भी सुरक्षा की दृष्टि से निरसा थाना लाया है। दोनों के अभिभावकों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही निरसा विधायक अपूर्व चटर्जी के साथ प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. संतोष राय भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। वार्ता के बाद यह निष्कर्ष निकला कि आरोपी होटल संचालक को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि होटल के बगल में दो स्कूल हैं, जहां से रोज छोटे-छोटे बच्चे गुजरते हैं। ऐसे में इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा था और बच्चों के भविष्य पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा था।
फिलहाल पुलिस होटल को सील करने की प्रक्रिया और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में इस तरह की अनैतिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
NEWSANP के लिए मनोज कुमार सिंह की रिपोर्ट

