निरसा(DHANBAD): इसीएल मुगमा क्षेत्र के निरसा कोलियरी ओसीपी में शुक्रवार तड़के अवैध कोयला उत्खनन के दौरान अचानक चाल धसने से 26 वर्षीय पवन महतो की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक पवन महतो दो बेटियों और एक पुत्र का पिता था और बेहद गरीबी में जीवन यापन करता था। वह गोबिंदपुर के एक भठ्ठे में काम करता था। इस हादसे से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने शव को घटनास्थल से उठाया।
सूत्रों के मुताबिक, निरसा कोलियरी से निकाला गया कोयला निरसा और कुरकुरी के बीच स्थित एक बंद भट्टे में पहुंचाया जाता है। अवैध उत्खनन की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं और इस पर रोक लगाने के बावजूद अवैध खनन जारी है। प्रतिदिन लगभग 500 टन कोयला ट्रैक्टर और पिकअप वाहन से गंतव्य तक पहुंचाया जाता है।
इस घटना पर पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा पर सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों ने घटना पर अनभिज्ञता जताई है, जबकि अवैध उत्खनन और उसके प्रेषण की गतिविधियां जारी हैं। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि अवैध धंधेबाजों को पुलिस संरक्षण प्राप्त है।
बताते चले कि हाल ही में देबियान गांव के हरिमंदिर के निकट CISF और ECL सुरक्षा बलों की संयुक्त छापेमारी में 75 टन स्टीम कोयला, दो बाइक और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया था, जिससे अवैध कोयला खनन की गंभीरता उजागर होती है।
यह घटना क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन और उससे जुड़ी सुरक्षा व प्रशासनिक लापरवाही की एक बड़ी चेतावनी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इस काले कारोबार पर कड़ा संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी होगी ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
NEWSANP के लिए अमित चौहान की रिपोर्ट

