धनबाद (DHANBAD): जिला कांग्रेस मुख्यालय, हाउसिंग कॉलोनी धनबाद में आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक एवं रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक चंदन सिंह कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी शमशेर आलमएवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
Lइस बैठक में धनबाद नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रखंड एवं नगर अध्यक्षों के साथ-साथ वार्ड अध्यक्षों की चुनावी रणनीति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव को लेकर संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर मंथन करना था।
बैठक में धनबाद नगर कांग्रेस अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, भूली नगर कांग्रेस अध्यक्ष गंगा वाल्मीकि, केंदुआकर केंद्र नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद यादव, धनबाद प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, झारिया नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार साह, झारिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष भगवान दास, सिन्दरी नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार तथा कतरास नगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत पांडे सहित कुल 55 वार्ड अध्यक्ष उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक चंदन सिंह ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक मजबूती से कार्य करने तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सभी प्रखंड एवं नगर अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर नियमित बैठकें सुनिश्चित करें तथा कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दें। उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन और सामूहिक नेतृत्व की भावना के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में वार्ड स्तर पर मतदाता सूची की पर्ची वितरण, घर-घर संपर्क अभियान, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने एकजुट होकर कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी शमशेर आलम जी को भारी मतों से विजय बनाने का संकल्प लिया।
बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

