धनबाद(DHANBAD): सोमवार को भारतीय जनता पार्टी जिला महिला मोर्चा द्वारा पंचायत से पार्लियामेंट तक निर्णय में नारी, नव भारत की तैयारी बैनर के साथ पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा जिला परिषद कार्यालय से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक होते हुए मिश्रित भवन तक पहुंची। इस पदयात्रा का उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति आभार व्यक्त करना था। कार्यक्रम में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो भी शामिल हुए और महिला कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को लोकसभा और राज्यसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार मिला है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
वहीं सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए इतनी बड़ी पहल की है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के लागू होने के बाद महिलाएं संसद में अपनी बात मजबूती से रख सकेंगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस कानून का समर्थन करें, ताकि देश की महिलाएं और अधिक सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर बन सकें।
पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं और पूरे मार्ग में नारी सशक्तिकरण के समर्थन में नारे लगाए गए।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

