नगर निकाय चुनाव में शांति व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग के लिए एसएसपी महोदय ने जताया जिलेवासियों का आभार…

नगर निकाय चुनाव में शांति व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग के लिए एसएसपी महोदय ने जताया जिलेवासियों का आभार…

विजयी जुलूस को लेकर सख्त निर्देश: बिना अनुमति जुलूस नहीं, डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित

भड़काऊ नारे और शक्ति प्रदर्शन पर कार्रवाई की चेतावनी, कानून तोड़ने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा

नव निर्वाचित प्रत्याशियों से अपील: जीत का जश्न मर्यादा और सौहार्द के साथ मनाएं

शांति व्यवस्था सर्वोपरि: सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक पुलिस की कड़ी निगरानी

धनबाद(DHANBAD): नगर निकाय चुनाव के शांतिपूर्ण समापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिलेवासियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में आम जनता, मतदाताओं, प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों समेत पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पूरे चुनावी प्रक्रिया के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता थी और नागरिकों के सहयोग से यह संभव हो सका।

एसएसपी प्रभात कुमार ने विशेष रूप से मतदाताओं की जागरूकता, संयम और शांति बनाए रखने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती शांतिपूर्ण भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की भी सराहना की जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

विजयी जुलूस को लेकर सख्त दिशा-निर्देश

एसएसपी प्रभात कुमार ने नगर निकाय चुनाव में नव निर्वाचित सभी प्रत्याशियों से अपील की कि वे जीत की खुशी को सौहार्दपूर्ण और मर्यादित तरीके से मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विजयी जुलूस निकालने से पूर्व प्रशासन से विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य है। जुलूस अथवा सम्मान समारोह के आयोजन की पूर्व सूचना संबंधित थाना प्रभारी को देना आवश्यक होगा।

एसएसपी ने कहा कि जुलूस में डीजे या तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित हैँ। किसी भी प्रकार का भड़काऊ, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक नारा लगाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों या उनके समर्थकों के विरुद्ध दुर्भावना की मंशा से उकसावे वाली हरकत या शक्ति प्रदर्शन न करें। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जुलुस में किसी भी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन पूर्णतः वर्जित है। सोशल मीडिया पर भ्रामक, उत्तेजक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से भी परहेज करें। सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी निगरानी है।

सौहार्द और सामाजिक समरसता पर जोर

एसएसपी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाग लेने वाले सभी उम्मीदवार समाज के विभिन्न वर्गों और समुदायों का प्रतिनिधित्व करते हैं। अतः सभी निर्वाचित प्रतिनिधि लोगों के प्रति सम्मान, आभार और जिम्मेदारी की भावना रखें। चुनाव के दौरान हुई राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को व्यक्तिगत दुश्मनी में न बदलें, बल्कि आपसी सहयोग से विकास और जनहित को प्राथमिकता दें।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की शांति भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अंत में एसएसपी ने पुनः जिलेवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और शांति की परंपरा को बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *