धनबाद(DHANBAD): छह साल पहले शुरू हुई धनबाद शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2, जिसकी कुल लागत 441 करोड़ रुपये है, अब तक केवल 70 प्रतिशत ही पूरी हो पाई है। एलएंडटी कंपनी द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य 76,000 घरों को जल कनेक्शन प्रदान करना था, लेकिन अब तक केवल 3,000 घरों को ही कनेक्शन मिल पाए हैं।
योजना के तहत मैथन में 77 एमएलडी का इंटेकवेल बनना है। पहले जहां इसका लोकेशन तय था, अब इसे बदल दिया गया है और नई जगह पर डीवीसी से एनओसी नहीं मिलने के कारण काम रुका हुआ है। वहीं, 45 किलोमीटर की राइजिंग पाइपलाइन में से केवल 28 किलोमीटर ही बिछाई जा सकी है। भूईफोड़ पहाड़ पर बने संप हाउस का काम भी 30 प्रतिशत बाकी है।
भेलाटांड़ में 10 एमएलडी का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बन रहा है, जहां से पानी भुईफोड़ पहाड़ के डीएसआर तक पहुंचाया जाएगा। परियोजना पूरी होने पर शहर में अतिरिक्त 10 एमएलडी पानी की आपूर्ति संभव होगी।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने इस साल योजना को समाप्त करने की डेडलाइन तय की है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि देरी के कारण इसे अगले दो साल में भी पूरा करना चुनौतीपूर्ण होगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

