धनबाद(DHANBAD): धनबाद नगर निगम चुनाव-2026 के लिए 23 फरवरी को मतदान हुआ था। एक मेयर और 55 वार्ड पार्षद चुने जाने हैं। मतदान के बाद बैलेट बॉक्स राजकीय पॉलिटेक्निक, धनबाद में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखे गए हैं।अब परिणाम आने में 24 घंटे से भी कम समय बचा है। शुक्रवार, 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। पहले वार्ड पार्षदों के मतों की गिनती होगी, उसके बाद मेयर पद के मतों की गणना की जाएगी। सबसे अधिक दिलचस्पी मेयर चुनाव परिणाम को लेकर है।
मेयर पद के लिए कुल 29 प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला चंद्रशेखर अग्रवाल, संजीव सिंह, संजीव कुमार अग्रवाल, शमशेर आलम और प्रकाश कुमार के बीच माना जा रहा है। मतगणना की घड़ी नजदीक आते ही प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। सभी अपने-अपने जीत के समीकरण में जुटे हैं। माना जा रहा है कि आज की रात कई प्रत्याशियों की नींद उड़ी रहेगी।
उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों को मिला प्रशिक्षण
नगर निकाय निर्वाचन 2026 के तहत मतगणना को लेकर बुधवार को न्यू टाउन हॉल में उम्मीदवारों व उनके प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य प्रशिक्षक दिलीप कुमार कर्ण ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक में 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। पहले वार्ड 1, 6, 11, 16, 21, 26, 31, 36, 41, 46 और 51 के मतों की गिनती होगी, तत्पश्चात अन्य वार्डों की गणना क्रमवार की जाएगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

