धनबाद में YADAV के बाद अब RAJPUT की एंट्री…

धनबाद में YADAV के बाद अब RAJPUT की एंट्री…

धनबाद(DHANBAD): इन दिनों फैंसी और जातिसूचक नंबर प्लेट का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक फैंसी नंबर प्लेट तेज़ी से वायरल हुई थी, जिसके बाद ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार और डीटीओ दीवाकर सी. द्विवेदी ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को जब्त कर लिया था। उस कार्रवाई को लोगों ने प्रशासन की बड़ी पहल माना था।

लेकिन अब इसी तरह का एक और मामला सामने आ गया है। ‘यादव’ फैंसी नंबर प्लेट के बाद अब धनबाद में एक स्कॉर्पियो गाड़ी पर राजपूत लिखा हुआ नंबर प्लेट देखा गया है। यह वाहन धनबाद के बरवाअड्डा हाईवे क्षेत्र में नजर आया, जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

इस नई एंट्री ने एक बार फिर पुलिस और परिवहन विभाग के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। नियमों के मुताबिक किसी भी वाहन के नंबर प्लेट पर जाति, नाम, पद या किसी भी तरह का अतिरिक्त चिन्ह लिखना अवैध है। इसके बावजूद लगातार ऐसे मामले सामने आना यह दर्शाता है कि कुछ लोग कानून की अनदेखी कर खुलेआम नियमों को ठेंगा दिखा रहे हैं।

सिटी लाइव में खबर प्रसारित होने के बाद ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि संबंधित वाहन की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को गाड़ी की खोजबीन के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ट्रैफिक डीएसपी ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि किसी को भी इस वाहन के बारे में कोई जानकारी मिले या कहीं नजर आए, तो तुरंत धनबाद पुलिस को सूचित करें, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

फिलहाल, धनबाद में फैंसी नंबर प्लेट का यह नया मामला पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका है, वहीं आम लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर कब तक ऐसे दिखावे और नियमों की खुलेआम अवहेलना पर लगाम लग पाएगी।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *