धनबाद(DHANBAD): धनबाद से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) का गहरा नाता रहा है। दरअसल, 4 फरवरी 1972 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में ही जेएमएम की नींव रखी गई थी। तब से हर साल 4 फरवरी को जेएमएम अपना स्थापना दिवस धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में मनाती है। इस वर्ष भी गोल्फ ग्राउंड में 4 फरवरी को जेएमएम अपना स्थापना दिवस मनाने वाली है, जिसको लेकर तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है।
इसी को लेकर मंगवार को राज्य सरकार के मुख्य सचेतक सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो मैदान में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और जरूरी दिशा निर्देश दिया।
टुंडी विधायक ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जेएमएम धनबाद के इस ऐतिहासिक मैदान में अपना स्थापना दिवस मनाने जा रही है, जिसमें मुख्य रूप से पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस से पूर्व संध्या में आज हुई बैठक थोड़ा खास रहा, क्योंकि भाजपा से धनबाद के पूर्व मेयर रहे चंद्रशेखर अग्रवाल ने पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन के समक्ष जेएमएम का दामन थाम लिया है और वो भी इस बैठक में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर अग्रवाल धनबाद से मेयर के प्रत्याशी हैं और जेएमएम उनके साथ खड़ी है।
बता दें कि जेएमएम ने पहले पार्टी की केंद्रीय सदस्य नीलम मिश्रा को धनबाद मेयर पद के लिए मैदान में उतारा था, नीलम मिश्रा ने बीते सोमवार की सुबह मेयर पड़ के लिए अपना पर्चा भी दाखिल कर दिया था, लेकिन उसी दिन शाम को चंद्रशेखर अग्रवाल के जेएमएम में शामिल होने के बाद जेएमएम की ओर से मेयर प्रत्याशी का चेहरा बदल गया है, अब पार्टी चंद्रशेखर अग्रवाल को अपना समर्थन दे रही है। वहीं इस संबंध में जेएमएम में शामिल हुए पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि पार्टी जो निर्णय लेगी वो उसका पालन करेंगे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट
