धनबाद(DHANBAD): बिजली बिल बकाया और स्मार्ट मीटर की समस्या को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। जिले के करीब 20 हजार उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काट दिया गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिल भुगतान करने के बावजूद उनसे दोबारा भुगतान करने को कहा जा रहा है।
इस मुद्दे को लेकर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने गुरुवार को बिजली विभाग के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा से मुलाकात की और आम जनता की समस्याओं को उठाया। विधायक ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के अचानक बिजली काटना गलत है। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी जानकारी लोगों को स्पष्ट रूप से दी जाए।
महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर में बैलेंस नेगेटिव होने पर कनेक्शन स्वतः कट जाता है, जो इस सिस्टम का फीचर है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई रांची से की गई थी और उन्हीं उपभोक्ताओं की बिजली कटी जिनका बैलेंस खत्म हो गया था।
उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित उपभोक्ताओं को एक महीने का समय दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर बिल किस्तों में जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। साथ ही, शाम तक अधिकतर कनेक्शन बहाल करने की बात भी कही गई है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

